वीकेंड पर कैंची धाम में ट्रैफिक व्यवस्था चाक-चौबंद, ग्राउंड जीरो पर उतरे अधिकारी; वाहनों पर लगाए जा रहे स्टीकर
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष यातायात प्लान लागू
नैनीताल। वीकेंड के दौरान 10 और 11 अक्टूबर को कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए राजपत्रित अधिकारी ग्राउंड जीरो पर उतरकर यातायात संचालन का जायजा ले रहे हैं।
एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल और एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी मौके पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराया जा रहा है। पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक आवागमन सुगम बनाने के लिए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है।
इसके साथ ही अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को यातायात प्लान, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा की जानकारी दी जा रही है। प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों पर स्टीकर लगाने की व्यवस्था भी जारी है, ताकि यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ यातायात का संचालन कर रहे हैं। अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
