हल्द्वानी में बायो मेडिकल वेस्ट खुले में फेंकने पर नगर निगम की कार्रवाई, GRD मेडिकल स्टोर पर 10 हजार का चालान; एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें मिलने पर विभाग को सूचना
हल्द्वानी, 8 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)। नगर निगम हल्द्वानी द्वारा बायो मेडिकल वेस्ट को खुले में फेंकने की शिकायत पर GRD मेडिकल शॉप के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने मौके पर निरीक्षण के दौरान बायो मेडिकल वेस्ट को अनुचित तरीके से फेंका हुआ पाया, जिस पर नियमानुसार 10,000 रुपये का चालान किया गया।
कार्रवाई के दौरान दुकान में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें विक्रय के लिए फ्रिज एवं डिस्प्ले में रखी मिलीं। इस गंभीर अनियमितता के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को सूचित कर दिया गया है, ताकि नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा सके।
यह अभियान वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अतिक्रमण प्रभारी, दोनों मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक एवं नगर निगम की टीम द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।
नगर निगम प्रशासन ने सभी मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी है कि बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करें। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी चालानी कार्रवाई की जाएगी।
