ओखलकांडा में महिलाओं की समस्याएं सुनने पहुंचीं राज्यमंत्री भावना मेहरा, मौके से अधिकारियों को लगाई फोन
पेयजल और अधूरी सड़क का मुद्दा उठा, लोक निर्माण विभाग के सचिव से वार्ता कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाने का दिया भरोसा
भीमताल। उत्तराखंड आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ काला आगर और क्वैराला क्षेत्र का भ्रमण कर महिलाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों की जानकारी ली।
महिलाओं ने राज्यमंत्री के सामने पेयजल सहित विभिन्न स्थानीय समस्याएं रखीं। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भावना मेहरा ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा।
वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में अधूरी पड़ी सड़क का मुद्दा भी उठाया। इस पर राज्यमंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेते हुए सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग के सचिव से वार्ता करने की बात कही।
भावना मेहरा ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान महिलाओं ने कहा कि एक महिला होने के नाते भावना मेहरा उनकी भावनाओं और परेशानियों को बेहतर ढंग से समझ सकती हैं। इस मौके पर प्रदीप बिष्ट, शेर सिंह, राम सिंह, कमल सिंह, पूरन सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो: ओखलकांडा ब्लॉक के काला आगर और क्वैराला में महिलाओं से संवाद करतीं राज्यमंत्री भावना मेहरा।
