हल्द्वानी में 300 विद्यार्थियों को पढ़ाया स्वच्छता का पाठ, कचरा प्रबंधन और 3R के प्रति किया जागरूक

हल्द्वानी में 300 विद्यार्थियों को पढ़ाया स्वच्छता का पाठ, कचरा प्रबंधन और 3R के प्रति किया जागरूक

 

रोशनी पांडेय  प्रधान सम्पादक 

 

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2026 के तहत हल्द्वानी के एच.एन. इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में करीब 300 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को कचरे के सही प्रबंधन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक प्रदूषण रोकने के उपायों की जानकारी दी गई।

 

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के 25वें दिन आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

 

बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी ने विद्यार्थियों को बताया कि कचरा प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया कचरे को उसके उत्पन्न होने के स्थान पर ही अलग-अलग करना है। उन्होंने गीले, सूखे, सेनेटरी और विशेष देखभाल वाले कचरे की श्रेणियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि भोजन के अवशेष और फल-सब्जियों के छिलके गीले कचरे में आते हैं, जबकि कागज, गत्ता, प्लास्टिक, कांच और धातु जैसी सामग्री सूखे कचरे में शामिल होती है। इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड, डायपर, बैटरी, बल्ब और ई-वेस्ट को सुरक्षित तरीके से अलग रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

 

प्लास्टिक का उपयोग कम करने और 3R अपनाने की अपील

 

कार्यशाला में विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का अनावश्यक इस्तेमाल कम करने तथा प्लास्टिक कचरे को खुले में, नालियों और जलस्रोतों में न फेंकने की अपील की गई। उन्हें प्लास्टिक कचरे को अलग एकत्र कर नगर निगम की संग्रहण व्यवस्था को सौंपने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इस दौरान Reduce, Reuse और Recycle (3R) यानी कचरा कम करना, वस्तुओं का दोबारा उपयोग करना और पुनर्चक्रण के सिद्धांत को भी समझाया गया। साथ ही घरों में गीले कचरे से जैविक खाद बनाने की सरल विधि की जानकारी दी गई, जिससे कचरे की मात्रा कम करने के साथ उपयोगी खाद भी तैयार की जा सकती है।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.सी. सामंत ने विद्यार्थियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी कार्यशाला में मिली जानकारी को अपने घरों और समुदाय तक पहुंचाएं। यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर से ही कचरा पृथक्करण की शुरुआत करे, तो स्वच्छता अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिल सकती है।

 

कार्यक्रम में बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, स्वच्छ भारत मिशन (SBM) टीम के मनीष पांडेय और PMU टीम के पंकज द्विवेदी उपस्थित रहे।

 

नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाई जा सके।