हल्द्वानी में दस दिवसीय सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ, सांसद दिनेश आर्य और विधायक बंशीधर भगत ने किया उद्घाटन
हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 03 दिसंबर तक आयोजित होने वाले दस दिवसीय सरस आजीविका मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। सांसद दिनेश आर्य एवं कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों, हस्तशिल्प एवं कलाकृतियों को बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे स्वयं सहायता समूहों को अपनी कला, संस्कृति और कार्यशैली साझा करने का मंच प्रदान करना भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ मंत्र को आगे बढ़ाते हुए मेले में बायर-सेलर मीट का आयोजन किया जा रहा है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
रोशनी दर्पण न्यूज़ | हल्द्वानी
