उत्तराखंड के शहरों को ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में किया जाएगा विकसित: केंद्रीय मंत्री तोखन साहू
हल्द्वानी। उत्तराखंड के पर्वतीय शहरों को नई पहचान देने की दिशा में केंद्र सरकार ने पहल तेज कर दी है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहरों को ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक और प्राकृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए शहरों का सुनियोजित विकास किया जाना चाहिए। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने शहरों की स्वच्छता, बेहतर कूड़ा निस्तारण और नदियों को प्रदूषण से बचाने पर विशेष जोर दिया। स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गंदा पानी नदियों में नहीं जाना चाहिए। साथ ही पर्यटन स्थलों की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी नगर निकायों को गंभीरता से निभाने को कहा।
बैठक में आगामी आचार संहिता को देखते हुए मंत्री ने लंबित विकास कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने और प्रस्तावित कार्यों को आचार संहिता लागू होने से पहले शुरू कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय बाजारों में यातायात, मूलभूत सुविधाओं और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में नैनीताल नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालु बाबा के दर्शन के बाद नैनीताल भी पहुंचते हैं। नगर पालिका क्षेत्र में तीन पार्किंग संचालित हैं, जबकि कूड़ा निस्तारण अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। वहीं, लालकुआं को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और स्वच्छता व्यवस्था में प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने की जानकारी दी गई।
बैठक में मेयर गजराज बिष्ट, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित रामनगर, लालकुआं, भीमताल, भवाली और कालाढूंगी के नगर निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।
