बनभूलपुरा में पुलिस का बड़ा एक्शन, न्यायालय से फरार चल रहे 5 वारंटी गिरफ्तार; एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में न्यायालय से जारी वारंटों पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर एसपी सिटी हरबंस सिंह के निर्देशन, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण और बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दिलशाद निवासी गफूर बस्ती, प्रदीप जोशी निवासी वाल्मीकि बस्ती जवाहर नगर, क्रिश निवासी राजपुरा, शाहिद हुसैन निवासी मोहल्ला चौक और मोहम्मद मकसूद निवासी इंद्रानगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी न्यायालय से जारी वारंटों के चलते वांछित चल रहे थे। पुलिस टीम ने दबिश देकर पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, पुष्कर आर्या, बबीता मेहरा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और न्यायालय के आदेशों की तामील को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।
