जनगणना 2027: सांसद अजय भट्ट, डीएम ललित मोहन रयाल और रामनगर पालिका अध्यक्ष मो. अकरम ने भरा स्व-गणना फॉर्म, जनता से भी की अपील
हल्द्वानी/रामनगर। जनगणना 2027 के स्व-गणना अभियान की शुरुआत के तहत सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एवं नगर पालिका परिषद रामनगर के अध्यक्ष मो. अकरम ने अपना स्व-गणना फॉर्म भरकर आमजन को भी इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्व-गणना जनगणना प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसके माध्यम से नागरिक अपने परिवार और आवास से जुड़ी आवश्यक जानकारियां स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने जनपदवासियों से निर्धारित समय सीमा में सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ फॉर्म भरने की अपील की।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सटीक आंकड़े बेहद जरूरी हैं। जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है। जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिक मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर राज्य और भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद निर्धारित मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर परिवार के सदस्यों का विवरण भरना होगा।
स्व-गणना फॉर्म में परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा, निवास, बैंक खाते और पहचान से संबंधित कुल 40 प्रश्न शामिल हैं।
फॉर्म जमा करने के बाद मिलेगी 11 अंकों की आईडी
फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद नागरिकों को ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की स्व-गणना आईडी (SE ID) मिलेगी। यह आईडी मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी प्राप्त होगी। नागरिकों को इसे सुरक्षित रखना होगा। जनगणना के दूसरे चरण में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब उसे यह आईडी दिखानी होगी।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही जानकारी दर्ज कर जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करें।
जनगणना 2027 – आपकी जानकारी, देश का भविष्य।
