दीपावली पर घर लौट रहे युवक को बनाया लूट का शिकार, टैक्सी का झांसा देकर सुनसान जगह ले गए दो बदमाश; 100 CCTV कैमरों की मदद से पुलिस ने दबोचे आरोपी
हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टियों में घर लौट रहे युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसका आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन और नकदी लूट ली थी।
पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी और सूरज आर्य निवासी राजपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। दीपावली की छुट्टियों में घर लौटने के लिए वह चंडीगढ़ से बस द्वारा हल्द्वानी पहुंचे थे। रोडवेज स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशते समय दो युवक उनसे मिले। आरोपियों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ ले लिया। इसके बाद दोनों उन्हें सुनसान स्थान पर ले गए और आईफोन, सात हजार रुपये नकद, हेडफोन और कान की सोने की बाली लूटकर फरार हो गए।
मामले में शिकायत मिलने पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के बाद 9 नवंबर को रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन, पीली धातु की कान की बाली, 5 हजार रुपये नकद और हेडफोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतबीर सिंह शामिल रहे।
