हल्द्वानी में गार्ड से मारपीट कर लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; कॉपर वायर के दो डिब्बे और 6 किलो जली तार बरामद

हल्द्वानी में गार्ड से मारपीट कर लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; कॉपर वायर के दो डिब्बे और 6 किलो जली तार बरामद

 

हल्द्वानी। निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर कॉपर वायर और CCTV कैमरे का एडॉप्टर लूटने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कॉपर वायर भी बरामद किया है।

 

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 को हीरानगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक निर्माणाधीन भवन में गार्ड के साथ मारपीट कर बिजली के कॉपर वायर और CCTV कैमरे का एडॉप्टर जबरन लूट लिया गया था। मामले में डॉ. अरुण जोशी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

 

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सुरागरसी और पतारसी के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदेश कुमार (30), विकास कश्यप (24), शिवम कश्यप (23) और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा (20), निवासी राजपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

 

दो डिब्बे कॉपर वायर और छह किलो जली तार बरामद

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के 4 एमएम और 2.5 एमएम कॉपर वायर के दो डिब्बे तथा करीब छह किलोग्राम जली हुई कॉपर वायर बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

 

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजीत राठौर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।

 

रोशनी दर्पण न्यूज़