काशीपुर में प्लॉट के नाम पर 9 लाख की धोखाधड़ी पर भू-स्वामी को एक सप्ताह का अल्टीमेटम, नैनीताल के प्रयोरी लॉज मामले में भी कार्रवाई की चेतावनी

जमीन के नाम पर 51 लोगों से रकम वसूली, दीपक रावत ने दिए लैंड फ्रॉड एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

51 लोगों से जमीन के नाम पर वसूली का मामला पहुंचा जनसुनवाई में, दीपक रावत ने FIR के दिए निर्देश

 

काशीपुर में प्लॉट के नाम पर 9 लाख की धोखाधड़ी पर भू-स्वामी को एक सप्ताह का अल्टीमेटम, नैनीताल के प्रयोरी लॉज मामले में भी कार्रवाई की चेतावनी

 

हल्द्वानी, 21 नवंबर। कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय में जनसुनवाई कर आम जनता की भूमि विवाद, एमएसएमई के तहत सब्सिडी नहीं मिलने, बकाया भुगतान, पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने और प्लॉट पर कब्जा दिलाने सहित विभिन्न समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

जमीन के छोटे विवाद तहसील स्तर पर ही सुलझाएं अधिकारी

 

भूमि विवाद से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं के उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर आयुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का समाधान उपजिलाधिकारी और तहसील स्तर पर ही हो जाना चाहिए। आम जनता को छोटी समस्याओं के लिए उच्च अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें, यह उचित नहीं है।

 

उन्होंने मंडल के सभी उपजिलाधिकारियों और तहसील अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों का निस्तारण तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

 

प्रयोरी लॉज मामले में तत्कालीन ईओ पर कार्रवाई की चेतावनी

 

नैनीताल शहर के अयारपाटा क्षेत्र स्थित प्रयोरी लॉज मामले में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा विभागीय आख्या और मूल नक्शा देखे बिना नक्शा सत्यापित किए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

 

वर्तमान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि प्रयोरी लॉज कार्यालय में मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। इस पर आयुक्त ने कहा कि यदि जांच में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित तत्कालीन अधिशासी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही शासन को भी कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।

 

9 लाख रुपये लेकर गलत खाते की जमीन बेचने का मामला, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

 

काशीपुर निवासी बृजेश कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने भू-स्वामी शमशेर सिंह से 9 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट की रजिस्ट्री के साथ दाखिल-खारिज भी हो गई, लेकिन बाद में पता चला कि भू-स्वामी ने उन्हें ऐसे खाते की भूमि बेच दी, जिसमें जमीन शेष ही नहीं थी।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने भू-स्वामी को एक सप्ताह के भीतर बृजेश कुमार को अन्यत्र भूमि उपलब्ध कराने अथवा 9 लाख रुपये की पूरी धनराशि वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित लेखपाल के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

51 लोगों से जमीन के नाम पर रकम लेने का आरोप, जांच के बाद FIR के निर्देश

 

जनसुनवाई में किच्छा निवासी इफ्तिकार अहमद ने शिकायत की कि उन्होंने जोगा सिंह से प्लॉट खरीदा था और इसके एवज में धनराशि भी दे दी थी, लेकिन उन्हें प्लॉट उपलब्ध नहीं कराया गया।

 

जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर करीब 51 लोगों से जमीन देने के नाम पर धनराशि ली गई, लेकिन उन्हें भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई। इस पर आयुक्त ने तहसीलदार किच्छा को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लैंड फ्रॉड एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाए।

 

अन्य शिकायतों पर भी दिए कार्रवाई के निर्देश

 

जनसुनवाई में दीपक वर्मा ने भूमि पर कब्जा दिलाने, धन सिंह गड़िया ने जमीन नहीं मिलने पर धनराशि वापस कराने, राजकुमारी ने चोरी हुए जेवरात और नकदी वापस दिलाने, बॉबी राज ने वाहन ट्रांसफर नहीं कराने, मतेश सिंह ने सड़क निर्माण का बकाया भुगतान नहीं मिलने तथा जवाहर नगर निवासी शहाना ने पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने की शिकायत रखी।

 

आयुक्त दीपक रावत ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं, जिन मामलों में जांच और दोनों पक्षों को सुनना आवश्यक था, उनमें संबंधित पक्षों को कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए।

 

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।