हल्द्वानी के 60 वार्डों में कूड़ा गाड़ियों की जांच, नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने परखी व्यवस्था

हल्द्वानी के 60 वार्डों में कूड़ा गाड़ियों की जांच, नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने परखी व्यवस्था

 

टायर से लेकर ब्रेक और हॉर्न तक की हुई जांच, खराब वाहनों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश

 

हल्द्वानी। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने नगर निगम के सभी 60 वार्डों में संचालित कूड़ा संग्रहण वाहनों का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति परखी।

 

नगर आयुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर और भोलानाथ गार्डन सहित विभिन्न वाहन पार्किंग स्थलों पर पहुंचकर वाहनों की भौतिक एवं तकनीकी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान वाहनों की नंबर प्लेट, बॉडी, टायर, ब्रेक, हॉर्न और अन्य जरूरी उपकरणों की जांच की गई।

 

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन वाहनों में मरम्मत या सुधार की आवश्यकता है, उन्हें समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि वाहनों की खराबी के चलते किसी भी वार्ड में कूड़ा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

 

नगर आयुक्त ने वाहन चालकों, सुपरवाइजरों और नोडल अधिकारियों से बातचीत कर कूड़ा संग्रहण के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की अहम भूमिका है और इसे नियमित एवं सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है।

 

इसके साथ ही उन्होंने नगरवासियों से गीले और सूखे कूड़े को घरों में ही अलग-अलग रखने तथा कूड़ा संग्रहण वाहनों में भी पृथक रूप से देने की अपील की।