🚨 छह महीने बाद खुला ढिकाला, पर्यटकों का उमड़ा सैलाब! 20 जनवरी तक नाइट स्टे फुल, बुकिंग के लिए मची मारामारी
कॉर्बेट के सबसे लोकप्रिय पर्यटन जोन में पहले ही दिन दिखा जबरदस्त क्रेज, बाघों के दीदार और जंगल में रात बिताने के लिए देश-विदेश से पहुंच रहे पर्यटक
रामनगर। विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का सबसे लोकप्रिय ढिकाला पर्यटन जोन छह महीने के लंबे इंतजार के बाद 15 नवंबर को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। जोन खुलते ही पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन सुबह से ही ढिकाला जाने वाले पर्यटकों की चहल-पहल शुरू हो गई। सुबह 6:30 बजे धनगढ़ी गेट से पहली सफारी को हरी झंडी दिखाकर जंगल के भीतर रवाना किया गया।
ढिकाला की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां रात्रि विश्राम के लिए 20 जनवरी 2027 तक की ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है। अब पर्यटकों को अगले बुकिंग स्लॉट का इंतजार है, जिसे 22 जनवरी को खोला जाएगा। जंगल के बीच रात बिताने और वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का रोमांच पर्यटकों को लगातार अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
ढिकाला में पर्यटकों के ठहरने के लिए 41 कमरे और 20 बेड की डॉरमेट्री की व्यवस्था उपलब्ध है। यहां बाघों के दीदार के साथ हाथियों के झुंड, हिरण और अन्य वन्यजीवों को देखने का अवसर मिलता है। वहीं, डे सफारी के लिए प्रतिदिन आठ कैंटर संचालित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से पर्यटक जंगल की खूबसूरती और वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे।
ढिकाला जोन के खुलने से रामनगर के पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। होटल कारोबारियों, जिप्सी संचालकों, नेचर गाइडों और पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों के चेहरे पर भी खुशी दिखाई दे रही है। छह महीने तक बंद रहने के बाद ढिकाला में पर्यटकों की वापसी से स्थानीय कारोबारियों को अच्छे पर्यटन सीजन की उम्मीद जगी है।
ढिकाला जोन के शुभारंभ अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पहले ही दिन पर्यटकों के उत्साह और नाइट स्टे की अग्रिम बुकिंग ने साफ कर दिया है कि इस पर्यटन सीजन में भी ढिकाला पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है।
