रामनगर में पशु तस्करी की कोशिश नाकाम! दो पिकअप में बेरहमी से ठूंसकर ले जाए जा रहे थे 11 मवेशी, पुलिस ने दो चालकों को किया गिरफ्तार

रामनगर में पशु तस्करी की कोशिश नाकाम! दो पिकअप में बेरहमी से ठूंसकर ले जाए जा रहे थे 11 मवेशी, पुलिस ने दो चालकों को किया गिरफ्तार

 

शक्तिनगर में देर रात पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप, दोनों पिकअप वाहन भी पुलिस के कब्जे में।

 

रामनगर। क्षेत्र में पशुओं के साथ क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान शक्तिनगर क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों से 11 मवेशियों को बरामद किया। मवेशियों को वाहनों में क्षमता से अधिक संख्या में बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मामले में पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की रात उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शक्तिनगर में मारूफ के घर के पास दो पिकअप वाहनों में मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को घेर लिया।

 

पुलिस ने वाहन संख्या UK01CA-1118 और UK19CA-2060 की तलाशी ली तो उनमें कुल 11 मवेशी भरे हुए मिले। वाहनों में मवेशियों को जिस तरह से रखा गया था, उससे पशुओं के साथ क्रूरता का मामला सामने आया।

 

पुलिस ने दोनों चालकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पशुओं के अवैध परिवहन और उनके साथ होने वाली क्रूरता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।