शादी की शॉपिंग के दौरान कार में छूटा कीमती सामान से भरा बैग, चोरगलिया पुलिस ने CCTV की मदद से खोजकर महिला को लौटाया

शादी की शॉपिंग के दौरान कार में छूटा कीमती सामान से भरा बैग, चोरगलिया पुलिस ने CCTV की मदद से खोजकर महिला को लौटाया

 

पुलिस की तत्परता से लौट आई चेहरे पर मुस्कान, महिला ने नैनीताल पुलिस का जताया आभार

 

चोरगलिया। शादी की खरीदारी के दौरान कार में छूटा कीमती सामान से भरा बैग आखिरकार चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम ने तलाश कर महिला को सकुशल लौटा दिया। पुलिस की इस तत्परता और सूझबूझ की महिला ने जमकर सराहना की।

 

जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को नयागांव कटान निवासी ममता शर्मा अपनी आगामी शादी की खरीदारी के लिए चोरगलिया से हल्द्वानी आई थीं। खरीदारी के बाद वापस लौटते समय उनका बैग एक अज्ञात कार में छूट गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब बैग का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से संपर्क किया।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार की पहचान कर वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद टनकपुर निवासी वाहन स्वामी से संपर्क किया गया और पुलिस के प्रयासों से बैग बरामद कर लिया गया।

 

15 नवंबर को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग ममता शर्मा को सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।

 

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा और खरीदारी के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।