गंगा के तेज बहाव में बहा आगरा का 15 वर्षीय किशोर, पुलिस-एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी
लक्ष्मणझूला में स्नान के दौरान हुआ हादसा, स्कूल टीचर और अन्य बच्चों के साथ घूमने आया था किशोर, डीप डाइवर्स टीम नदी में कर रही तलाश
ऋषिकेश। गंगा नदी में स्नान के दौरान आगरा निवासी 15 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें किशोर की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को सूचना मिली कि संत सेवा आश्रम के समीप नाव घाट पर गंगा में स्नान करते समय अंश परमार निवासी रोहता, जनपद आगरा (उत्तर प्रदेश), अचानक नदी के तेज बहाव में बह गया। किशोर अपने स्कूल टीचर और अन्य बच्चों के साथ भ्रमण पर आया हुआ था।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
लापता किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की डीप डाइवर्स टीम गंगा नदी में गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है।
फिलहाल किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
