भीमताल में दो दिन गूंजेगा लोक और बॉलीवुड संगीत, 14-15 नवंबर को लेक कार्निवाल का आयोजन

भीमताल में दो दिन गूंजेगा लोक और बॉलीवुड संगीत, 14-15 नवंबर को लेक कार्निवाल का आयोजन

 

भीमताल। भीमताल में 14 और 15 नवंबर को दो दिवसीय लेक कार्निवाल आयोजित किया जाएगा। कार्निवाल में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के साथ बॉलीवुड संगीत का भी रंग देखने को मिलेगा। दोनों दिन शाम 7 बजे से डांठ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल सजेगी।

 

लेक कार्निवाल आयोजन समिति के सचिव नितेंद्र राणा ने बताया कि 14 नवंबर को उत्तराखंड फोक नाइट का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध लोकगायिका स्वाति भट्ट और लोकगायक किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा विहान सांस्कृतिक ग्रुप अल्मोड़ा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा।

 

वहीं, 15 नवंबर को बॉलीवुड नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें दिल्ली का प्रसिद्ध द तत्व बैंड और रुद्रपुर का हुड़किया बैंड अपनी संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

 

पार्किंग व्यवस्था में बदलाव

 

कार्निवाल के दौरान डांठ पार्किंग और दीनदयाल पार्क स्थित पार्किंग बंद रहेगी। वाहनों की पार्किंग के लिए एलपी इंटर कॉलेज और जिला पंचायत डाक बंगले में व्यवस्था की गई है।

 

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्निवाल का आनंद लेने की अपील की है।