उत्तराखंड के आपदा प्रभावितों के लिए बड़ी खुशखबरी, धामी के अनुरोध पर केंद्र की मुहर, दोगुनी हुई आर्थिक सहायता

देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के तहत मिलने वाली सहायता राशि के मानकों में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की है। अब आपदा में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को 4 लाख रुपये के बजाय 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।

संशोधित मानकों के तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 1.70 लाख रुपये और मैदानी क्षेत्रों में 1.60 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा खेती, बागवानी, पशुधन और सार्वजनिक सुविधाओं को हुए नुकसान पर भी सहायता राशि बढ़ाई गई है।

ये संशोधित मानक वित्तीय वर्ष 2026-27 से प्रभावी होंगे। मुख्यमंत्री धामी ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा और पुनर्वास कार्यों को गति मिलेगी।