रामनगर में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप! घर से कुछ दूरी पर मिला 56 वर्षीय विमला देवी का शव, परिजनों के आरोपों से मामला उलझा
रामनगर। छोई गांव के किशनपुर पड़ाव में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 56 वर्षीय महिला विमला देवी का शव उनके घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतका विमला देवी पत्नी स्वर्गीय खिलाफ सिंह की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर महिला घर से इतनी दूर कैसे पहुंची? उनकी मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई साजिश है? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
इस बीच मृतका के परिजनों ने गांव में ही रहने वाले एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
महिला की संदिग्ध मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, अभी किसी पर हत्या का आरोप साबित नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि विमला देवी की मौत महज हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी रंजिश? पुलिस जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
