सांसद अजय भट्ट ने डीएसए मैदान में फूड फेस्टिवल का किया भव्य शुभारंभ, स्थानीय व्यंजनों का लिया स्वाद
नैनीताल, 09 नवंबर 2026।
डीएसए मैदान में आयोजित फूड फेस्टिवल का सांसद अजय भट्ट ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने फेस्टिवल में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेकर उनकी सराहना की।
फूड फेस्टिवल के दौरान सांसद अजय भट्ट का एक बेहद सादगी भरा और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ उन्हें घर से लाए अपने टिफिन की भी याद रही। उन्होंने सहज अंदाज में कहा कि घर से लाया गया खाना भी बर्बाद नहीं होना चाहिए। इसके बाद उन्होंने अपने पीआरओ वीरेंद्र कुमार से कहा, “वीरेंद्र, घर से लाए टिफिन का खाना बर्बाद न हो जाए, टिफिन ले आओ।”
सांसद का यह सादगीपूर्ण अंदाज वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। उनके इस व्यवहार ने यह संदेश भी दिया कि सार्वजनिक जीवन में व्यस्तता के बीच भी छोटी-छोटी बातों और भोजन की अहमियत को नहीं भूलना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खालिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य और नितिन कार्की आदि मौजूद रहे।
