रामनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान! 81 खाद्य पदार्थों की जांच, कुछ नमूनों में मिला स्टार्च; एक्सपायरी मसाले कराए नष्ट

🚨 रामनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान! 81 खाद्य पदार्थों की जांच, कुछ नमूनों में मिला स्टार्च; एक्सपायरी मसाले कराए नष्ट

 

त्योहारी सीजन में मिलावट पर नजर, पीरूमदारा से भवानीगंज तक पहुंची सचल प्रयोगशाला; करीब 100 लोगों को किया जागरूक

 

रामनगर। दीपावली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रामनगर क्षेत्र में अभियान चलाया। सचल प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न दुकानों पर खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। इस दौरान कुल 81 खाद्य नमूनों की जांच हुई, जिनमें कुछ नमूनों में स्टार्च की मात्रा पाई गई। वहीं, एक प्रतिष्ठान में निर्धारित प्रयोग तिथि समाप्त होने के बाद के मसाला पैकेट मिलने पर उन्हें नष्ट कराया गया।

 

आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर उपायुक्त एवं सचल प्रयोगशाला प्रभारी बीरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। विभागीय टीम ने पीरूमदारा, टांडा मल्लू, शिवलालपुर पांडे और भवानीगंज क्षेत्र में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की।

 

81 नमूनों की मौके पर जांच, कुछ में मिला स्टार्च

 

अभियान के दौरान मावा, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, रिफाइंड तेल, सरसों का तेल, लाल मिर्च, कुटी लाल मिर्च, धनिया, हल्दी, विभिन्न मिठाइयों, दालों, कॉफी, चायपत्ती, आटा, चावल और नमक सहित कुल 81 खाद्य नमूनों की जांच की गई। यह जांच लोगों की मौजूदगी में की गई, ताकि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट के प्रति जागरूक किया जा सके।

 

विभाग के अनुसार, कुछ नमूनों में स्टार्च की मात्रा पाई गई। संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने जांचे गए सभी नमूनों को सुरक्षित बताया।

 

एक्सपायरी मसालों पर कार्रवाई, दोबारा बिक्री न करने की चेतावनी

 

जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में प्रयोग की निर्धारित तिथि समाप्त होने के बाद के कुछ मसाला पैकेट पाए गए। टीम ने इन पैकेटों को नष्ट कराया और प्रतिष्ठान संचालक को भविष्य में ऐसी सामग्री की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए।

 

26 अक्टूबर को भी होगी जांच

 

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्हें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में जरूरी सुझाव दिए जा रहे हैं। साथ ही विभागीय अभियान में सहयोग करने की अपील भी की गई है।

 

उन्होंने बताया कि सचल प्रयोगशाला 26 अक्टूबर को भी रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच करेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे अपने खाद्य पदार्थों की जांच कराकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

 

खाद्य कारोबारियों को दिए सख्त निर्देश

 

विभाग ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में मिलावट नहीं करने, पैक्ड खाद्य सामग्री पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट रूप से अंकित रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, ग्राहकों को बिल या कैश मेमो देने तथा एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रदर्शित करने को कहा गया। खराब और कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

 

विभाग का कहना है कि सचल प्रयोगशाला का मुख्य उद्देश्य लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना और मिलावट के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के दौरान करीब 100 लोगों को जागरूक किया गया।

 

इस दौरान उपायुक्त एवं सचल प्रयोगशाला प्रभारी बीरेंद्र बिष्ट, कुमाऊं उपायुक्त खाद्य संरक्षा अशोक कुमार फुलोरिया, सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान, कनिष्ठ विश्लेषक अभिनव भट्ट, सहायक विश्लेषक गौरव नेगी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।