हल्द्वानी पहुंचा कृषक रथ, किसानों को प्राकृतिक खेती और सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

हल्द्वानी पहुंचा कृषक रथ, किसानों को प्राकृतिक खेती और सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

 

रोशनी पांडेय, प्रधान सम्पादक

 

हल्द्वानी, 11 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘समृद्ध किसान, सशक्त उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर रहा कृषक रथ रविवार को हल्द्वानी पहुंचा। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत ने किसानों को प्राकृतिक एवं रसायनमुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ ही खेती की लागत कम करने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने किसानों से कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और टिकाऊ खेती के तरीकों को अपनाने की अपील की।

 

बंशीधर भगत ने किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराने तथा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तेजी से डिजिटल हो रही है। ऐसे में किसानों को अपने आवश्यक पंजीकरण और दस्तावेज अद्यतन रखने चाहिए, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

कार्यक्रम में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों और अन्य लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं तथा कृषि से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

 

अधिकारियों ने बताया कि ‘समृद्ध किसान, सशक्त उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत कृषक रथ गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में भ्रमण कर किसानों तक कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की जानकारी पहुंचा रहा है। अभियान का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना है।

 

कार्यक्रम के अंत में विधायक बंशीधर भगत ने कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया।

 

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. कंचन नैनवाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद ह्यांकी, कृषि रक्षा अधिकारी रितु टम्टा, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. गीतांजलि बंगारी, हिमांशु जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य रजनी, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. सुधा जुकारिया, इफको के प्रबंधक दीपक आर्या, प्रगतिशील किसान नरेंद्र मेहरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह बोहरा, मंडल अध्यक्ष संदीप सनवाल, जीएस मेहरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।