जल जीवन मिशन के नाम पर सड़क खोदी, ढाई साल बाद भी नहीं हुई मरम्मत! गायत्री विहार के लोगों ने कमिश्नर से लगाई गुहार

जल जीवन मिशन के नाम पर सड़क खोदी, ढाई साल बाद भी नहीं हुई मरम्मत! गायत्री विहार के लोगों ने कमिश्नर से लगाई गुहार

 

रामनगर। ग्राम बसई स्थित गायत्री विहार कॉलोनी में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क का ढाई साल से अधिक समय बीतने के बावजूद पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है। सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान कॉलोनीवासियों ने अब कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से गुहार लगाई है।

 

गायत्री विहार जनकल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने समिति अध्यक्ष रघुवर सिंह नेगी के नेतृत्व में कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर क्षतिग्रस्त सड़क को पूर्व की भांति निर्मित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष जसपाल सिंह रावत, कोषाध्यक्ष पदम सिंह कंवर और सचिव मनोज सिंह बिष्ट के साथ ग्राम प्रधान रचना रावत भी मौजूद रहीं।

 

ज्ञापन में बताया गया कि जनवरी 2024 में जल जीवन मिशन के तहत कॉलोनी में पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। उस समय जल निगम की ओर से सड़क को पूर्व की स्थिति में बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन ढाई साल से अधिक समय गुजरने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी।

 

समिति का आरोप है कि कभी सड़क को पीडब्ल्यूडी की बताकर तो कभी मौसम की खराबी का हवाला देकर निर्माण कार्य टाला जाता रहा। अब विभाग की ओर से बजट की कमी बताकर हाथ खड़े किए जा रहे हैं। हालात यह हैं कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं और घास उग आई है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बदहाल सड़क के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही दुर्घटनाओं और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताते हुए आयुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।

 

इस दौरान नंदन सिंह गोस्वामी, राजेंद्र सिंह रावत, जयंत ध्यानी सहित कॉलोनी के अन्य लोग मौजूद रहे।