गांव-गांव पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, ग्रामीणों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
ओखलकांडा। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
मंत्री कैड़ा ने ग्रामसभा बेडचूला, सुनी, भोनरा, जोस्यूड़ा, पतलिया, बलना, मटियाल, खुजेठी, भीड़ापानी और हरिनगर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों ने उनके सामने सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं।
मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर समस्याओं की जानकारी दी और जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि गांव के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सरकार प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर समावेशी विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। इनके समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समयबद्ध तरीके से जनसमस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
