### पर्यटकों के लिए खुलेगा दुर्गा देवी-मैदा बन मार्ग, ग्रामीणों को रास्ता नहीं मिला तो 15 नवंबर से आंदोलन की चेतावनी!
स्थानीय जनता के साथ दोहरे मापदंड का आरोप, संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पहले ग्रामीणों के लिए मार्ग खोलने की उठाई मांग
रामनगर। दुर्गा देवी-मैदा बन मोटर मार्ग को लेकर क्षेत्र में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जिस मोटर मार्ग को क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के आवागमन के लिए नहीं खोला जा रहा है, उसे 15 नवंबर 2026 से पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। इस फैसले को संघर्ष समिति ने स्थानीय जनता के साथ अन्याय और दोहरे मापदंड का उदाहरण बताते हुए विरोध जताया है।
इस संबंध में संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उपजिलाधिकारी रामनगर के माध्यम से ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा गया है कि दुर्गा देवी-मैदा बन मोटर मार्ग ग्रामीणों की स्वास्थ्य, शिक्षा और दैनिक आवागमन की महत्वपूर्ण जरूरतों से जुड़ा है। मार्ग बंद होने से महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
समिति ने मांग की है कि पर्यटकों के लिए गेट खोलने से पहले स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा दी जाए। साथ ही वन विभाग और कॉर्बेट प्रशासन को ग्रामीणों के हितों की अनदेखी न करने के निर्देश दिए जाएं। समिति ने इस मामले में ग्रामीण प्रतिनिधियों के साथ तत्काल वार्ता कराने की भी मांग उठाई है।
15 नवंबर तक अल्टीमेटम
संघर्ष समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 नवंबर तक मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के लिए नहीं खोला गया और केवल पर्यटकों को आवागमन की अनुमति दी गई तो क्षेत्रीय जनता के साथ लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। समिति का कहना है कि वह पर्यटन विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों के अधिकारों की कीमत पर पर्यटन को बढ़ावा देना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन ग्रामीणों की इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं।
