रामलीला के मंच से गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, नैनीताल पुलिस चला रही जागरूकता अभियान
रोशनी पांडे, प्रधान संपादक
हल्द्वानी। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के तहत नैनीताल पुलिस रामलीला मंचों, सेल्फी पॉइंट, जागरूकता वीडियो और स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की पहल पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जा रहा है।
रामलीला जैसे जनसहभागिता वाले आयोजनों को जागरूकता का माध्यम बनाते हुए पुलिस लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दे रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीओ ऑप्स समीरण भट्ट के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी मीनू गौतम और उनकी टीम ने जागरूकता गतिविधियों के साथ सेल्फी पॉइंट के माध्यम से लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं, भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी कृपाल सिंह द्वारा वीडियो और स्थानीय टीवी चैनलों के जरिए साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
अभियान के तहत लोगों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी और निजी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
पुलिस द्वारा स्कूलों और कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
नैनीताल पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in का उपयोग करने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
नैनीताल पुलिस का संकल्प है—साइबर अपराध के प्रति जागरूक जनपद, सुरक्षित जनपद।
