नाबार्ड समर्थित कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन

Press Note- NABARD

 

नाबार्ड समर्थित कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन

 

 रोशनी पांडे प्रधान संपादक 

 

हल्द्वानी

 

राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से नैनीताल जनपद में संचालित कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन समारोह मंगलवार को गोल्ज्यू बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का क्रियान्वयन महिला पिछड़ा वर्ग समिति, हल्द्वानी द्वारा किया गया।

 

समापन समारोह में श्री मुकेश बेलवाल, जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड, नैनीताल सहित जिला उद्योग केन्द्र, नैनीताल जिला सहकारी बैंक, सहकारिता विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में लगभग 50 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।

 

नाबार्ड द्वारा लगभग ₹10 लाख की अनुदान सहायता से समर्थित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण के क्षेत्र में उन्नत कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 90 स्वयं सहायता समूहों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया। प्रशिक्षण के साथ-साथ महिलाओं को उत्पाद विकास, गुणवत्ता सुधार, उद्यम प्रबंधन, विपणन, वित्तीय साक्षरता तथा बैंक ऋण से जुड़ी जानकारी भी प्रदान की गई।

 

समापन अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अपने अनुभव एवं सीख साझा की। महिलाओं ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण की नई तकनीकों के साथ-साथ बेहतर गुणवत्ता एवं बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की जानकारी प्राप्त हुई है। प्रतिभागियों ने इस कौशल को आय सृजन एवं स्वयं का उद्यम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ाने की इच्छा भी व्यक्त की।

 

इस अवसर पर श्री मुकेश बेलवाल, जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड ने सभी प्रतिभागी महिलाओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता तभी है जब अर्जित कौशल को नियमित आर्थिक गतिविधि में परिवर्तित किया जाए। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सामूहिक रूप से कार्य करने, उत्पादों की गुणवत्ता एवं विविधता पर विशेष ध्यान देने तथा उपलब्ध बाजार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

 

श्री बेलवाल ने प्रतिभागियों को नाबार्ड की विभिन्न विकासात्मक पहलों, बैंक ऋण से जुड़ाव, सूक्ष्म उद्यम स्थापना तथा विपणन के अवसरों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नाबार्ड का प्रयास केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को कौशल से उद्यम और उद्यम से स्थायी आय की दिशा में आगे बढ़ाना है।

 

जिला उद्योग केन्द्र, सहकारिता विभाग, नैनीताल जिला सहकारी बैंक तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी महिलाओं को उपलब्ध विभिन्न योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं उद्यम स्थापना से संबंधित अवसरों की जानकारी दी और उन्हें अपने कौशल को व्यावसायिक गतिविधि के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी महिलाओं ने नाबार्ड एवं क्रियान्वयन संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल जनपद में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, उद्यमिता विकास एवं स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।